खिजरसराय में महादलित वृद्ध की हत्या
खिजरसराय। एक संवाददाता
खिजरसराय में एक महादलित वृद्ध की पिट पीटकर हत्या कर दी गई। मारपीट में घायल मई महादलित टोला निवासी हरि मांझी की रविवार को गया मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। उनके साथ शनिवार की देर शाम कथित तौरपर मारपीट हुई थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें देर शाम ही प्राथमिक चिकित्सा के बाद गया रेफर किया था। हरि मांझी की पत्नी बच्चिया देवी के बयान पर पुलिस ने मई गांव के ही सत्येंद्र यादव पर हत्या का केस दर्ज किया है। सत्येंद्र यादव फिलहाल फरार है।
मृतक की पत्नी बच्चिया देवी ने पुलिस को बताई है कि उनके पति को शनिवार की देर शाम घर से बुलाकर ले जाया गया था। गांव के ही सत्येंद्र यादव के कहने पर उनके पति उनके साथ गए थे। देर शाम उन्हें सूचना मिली कि उनके पति के साथ बधार में सत्येंद्र यादव व कुछ अन्य लोगों ने मारपीट की है। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन वह बच नहीं सके। वहीं गांव के अन्य लोग इस मामले पर कुछ भी कहने से बचते दिखे। आरोपी परिवार का कोई भी शख्स घर मौजूद नहीं था। इसलिए उनलोगों का कोई पक्ष नहीं आ सका है। सवाल उठ रहे हैं कि एक वृद्ध के साथ क्यों मारपीट की गई। पुलिस फिलहाल इस मामले पर इतना ही कह रही है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी शख्स फरार है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
दो बाइक की सीधी टक्कर में 3 लोग हुए घायल, रेफर
बांकेबाजार। इमामगंज-शेरघाटी मुख्य मार्ग पर बांकेबाजार थाने के एक्सीडेंटल जोन बलथरवा गांव के पास रविवार की रात करीब 8:00 बजे दो बाइक की सीधी टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से बांकेबाजार पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्रारंभिक इलाज के बाद सभी को गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान भभुआ जिले के खैरी गांव थाना पस्थामा के रहने वाले सुरेश नट (पिता सुस नट) और औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाने के ताराडीह गांव के प्रिंस कुमार और उनकी पत्नी सोनी कुमार के रूप में की गई है। अन्य दो सोनी कुमारी और प्रिंस कुमार को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी को गया एएनएमसीएच रेफर कर दिया गया है। इधर, घटना की सूचना पर बांकेबाजार पुलिस अस्पताल पहुंची थी।
गुरुआ में एक शिक्षक की हुई मौत
गुरुआ। गुरुआ बाजार में संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के एक शिक्षक की मौत रविवार को ब्रेंड हैम्बरेज के कारण हो गई। गुरुआ के बंगलापर मुहल्ले के करीब सैंतालीस वर्षीय विजय कुमार सिंह का गत दो दिन पूर्व ब्रेंड हैम्बरेज हो गया था। जिसका उपचार पटना में चल रही थी। उपचार के क्रम में शिक्षक की मौत रविवार को हो गई। शिक्षक की मौत होने से गुरुआ में शोक की लहर फैल गयी।
चोरी गयी बाइक लावारिस हालत में बरामद
गया। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के जीबी रोड के समीप एक दुकान के सामने से पुलिस ने एक बाइक बरामद किया। रविवार को सूचना मिली कि एक बाइक काफी देर से लावारिस हालत में खड़ी है। कोतवाली थानाध्यक्ष के के अकेला ने बताया कि जब बाइक को जाकर देखा गया तो वह चोरी की बाइक निकली। यह बाइक कंडी नवादा के रहने वाले प्रेम यादव की थी जो 18 फरवरी को शहर के जयप्रकाश नारायण अस्पताल से लापता हो गयी थी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। इस बाइक के चोरी करने वाले की पुलिस तलाश कर रही है। उसकी भी शीघ्र गिरफ्तारी होगी।